नवादा- बिहार के नवादा से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है.जहां एक बुजुर्ग दंपती को डायन बताकर पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया. भीड़ की बर्बरता में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है.
घटना में 70 वर्षीय पति और उनकी पत्नी को डायन बताकर पहले बाल मुंडवा दिए गए, फिर उनके सिर पर चुना लगाया गया. इसके बाद जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे मुहल्ले में घुमाया गया. क्रूरता की हद पार करते हुए उन्हें पेशाब तक पिलाया गया और बेरहमी से पीटा गया.
मार-पीट में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गई. पीड़िता को इलाज के लिए हिसुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की घोर लापरवाही की बात सामने आयी है. कहा जा रहा है कि सूचना मंगलवार रात को ही 112 नंबर पर दी गई थी, लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची तो भीड़ को देख कार्रवाई करने के बजाय लौट गई. स्थानीय थाना को सूचित तक नहीं किया गया. इसी लापरवाही के कारण बुधवार सुबह तक मामला और बिगड़ गया.
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह ग्रामीण मृतक के शव के साथ उनकी पत्नी को भी जिंदा जलाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच किसी ने हिसुआ थाना को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और महिला को अस्पताल भेजा. पुलिस का कहना है मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है








