धनबाद- लगातार हो रही बारिश ने झारखंडवासियों के सामने कई तरह की मुश्किलें कड़ी कर दी है. बारिश के बीच धनबाद के जोगता थाना क्षेत्र में भू धंसान की भी घटनाएं हो रही हैं.
सोमवार को श्याम बाजार के समीप हुए भू-धंसान हादसे के 24 घंटे बाद भी स्थिति भयावह बनी हुई है. आसपास के इलाकों में घर धीरे-धीरे जमीन में धंस रहे हैं, जिससे लोग दहशत में हैं.
प्रभावित परिवार अपने घरों से सामान निकालकर सड़क किनारे जीवन गुजारने को मजबूर हैं. स्थानीय लोग अपनी जान-माल की सुरक्षा के लिए सरकार और बीसीसीएल से सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरण की मांग कर रहे हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उनके घर और जमीन धीरे-धीरे जमीन में समा रहे हैं. एक प्रभावित निवासी ने बताया, “हम गरीब लोग हैं, रोज कमाते हैं, तब खाते हैं. घर का सारा सामान बाहर निकाल लिया है, लेकिन अब पूरा परिवार सड़क पर रहने को मजबूर है.
बारिश के इस मौसम में बच्चों को लेकर हम बेहद परेशान हैं.” महिलाओं ने भी चिंता जताई, “बचपन से हम इस जगह पर रह रहे हैं, लेकिन अब घर-आंगन सब धंस रहा है. हमारे पास इतने पैसे नहीं कि नया घर बना सकें. बारिश में बच्चों को कैसे बचाएं, यह समझ नहीं आ रहा.”
प्रभावित लोग बीसीसीएल से सीएसआर फंड का उपयोग कर तत्काल राहत और पुनर्वास की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने सरकार से भी हस्तक्षेप की अपील की है, ताकि उनकी जान-माल की रक्षा हो सके और उन्हें सुरक्षित स्थान पर बसाया जा सके.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








