पटना- बिहार में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है. गंगा नदी के किनारे बसे 10 जिलों – भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर और कटिहार में करीब 25 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं.
बारिश की वजह से गंगा, कोसी, बागमती, बूढ़ी गंडक, पुनपुन और घाघरा जैसी प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. ये सभी नदियां भोजपुर, पटना, भागलपुर, वैशाली, लखीसराय, सारण, मुंगेर, खगड़िया, बेगूसराय और सुपौल समेत कई जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं.
बाढ़ वजह से लाखों लोग अपने घर छोड़ कर ऊंचे स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हो गए हैं। आपदा विभाग और स्थानीय जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित लोगों को राहत मुहैया कराया जा रहा है। वहीं मुंगेर पुलिस बाढ़ पीड़ितों और उनके सामान की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुंगेर पुलिस 5 नाव की मदद से पेट्रोलिंग कर बाढ़ पीड़ितों की सुरक्षा कर रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बाढ़ के चलते लोगों का जन जीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। खाने-पीने, रहने, सोने और शौचालय, की बड़ी समस्या है। बाढ़ के कारण ये लोग मवेशी के साथ रहने को मजबूर है। कई बार मवेशी खाने को जूठा कर दे रहे हैं। मवेशी का जूठा खाना खाने को मजबूर हो गए हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों और जिला प्रशासन को अलर्ट रहने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है. इस आपदा से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 16 टीमें बचाव और राहत कार्यों में लगी हुई हैं.








