चतरा- चतरा पुलिस ने टीएसपीसी नक्सली जमादार गंजू को गिरफ्तार किया है. उसके पास से कई हथियार भी बरामद किए गए हैं. गुप्त सूचना के आधार पर लावालौंग थाना क्षेत्र के खामडीह जंगल में छापेमारी कर टीएसपीसी के सक्रिय सदस्य जमादार गंजू उर्फ पहाड़ी गंजू को गिरफ्तार किया गया है. इस ऑपरेशन में पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए हैं.
चतरा पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का उग्रवादी जमादार गंजू खामडीह जंगल में अवैध हथियारों के साथ सक्रिय है और संगठन के लिए रंगदारी वसूलने का काम कर रहा है. इस सूचना के आधार पर सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शुभम खंडेलवाल के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि जमादार गंजू टीएसपीसी के कमांडर कबीर गंजू के साथ मिलकर चतरा, हजारीबाग, टंडवा, सिमरिया और अन्य क्षेत्रों में रंगदारी वसूलने और नक्सली गतिविधियों को अंजाम देने में सक्रिय था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस के अनुसार, जमादार गंजू के खिलाफ पहले से ही चतरा जिले के विभिन्न थानों में पांच मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई शामिल है. वह पूर्व में जेल भी जा चुका है.
पुलिस अब उससे पूछताछ कर नक्सली नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटाने में लगी है. एसपी ने बताया कि यह गिरफ्तारी नक्सलवाद के खिलाफ चल रही मुहिम का हिस्सा है. उन्होंने उग्रवादियों से आत्मसमर्पण करने और सरकार की आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठाने की अपील की.








