पटना- देशभर में आज रक्षाबंधन मनाया जा रहा है. इस मौके पर बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार की महिलाओं को रक्षाबंधन की बधाई देते हुए पत्र लिखा है और कई वादे किए.
तेजस्वी यादव लिखते हैं..’ मेरी प्रिय बिहार की बहनों, सबसे पहले आप सभी को ‘रक्षाबंधन’ की हार्दिक शुभकामनाएं, ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको इस रक्षाबंधन सुख, समृद्धि, शांति और प्रगति प्रदान करे.
मैं आप सभी का भाई होने के नाते आज आपसे कुछ महत्वपूर्ण बात करने आया हूं. मैं जानता हूं कि सभी बहनें आज हर्षोल्लास के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मना रही हैं. मैं आपसे एक अनुरोध करना चाहता हूं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मेरा अनुरोध है कि अपने-अपने भाइयों के राखी बांधने के बाद आप एक राखी और बांधे अपने इस भाई तेजस्वी के नाम की. जी हां, आपका तेजस्वी भैया बिहार के हर घर में आ नहीं सकता, लेकिन हर घर के बारे में, हर बहन की समृद्धि के बारे में सोच रहा है और नीतियां बना रहा है.
इन्हें लागू करने के लिए मुझे अपनी सभी बहनों के सहयोग की जरूरत है. बिहार को नंबर वन बनाने का प्रण लीजिए, रक्षाबंधन पर एक राखी और चुनाव में एक वोट अपने तेजस्वी भैया को दीजिए.
मैं भरोसा देता हूं चाहे वो बेरोजगारी से रक्षा हो, महंगाई से, अपराध से, गरीबी से, भ्रष्टाचार से रक्षा हो, मैं हमेशा आपका रक्षा चक्र बनकर कार्य करता रहूंगा. ये तेजस्वी का प्रण है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बहुत कुछ और भी आपके भाई तेजस्वी ने आपके लिए निश्चित कर लिया है. बस थोड़ा समय बचा है, चुनाव होंगे, जनता की सरकार आएगी और आपका भाई तेजस्वी अपने प्रण को पूरा करते हुए हर घर, हर बहन तक ये योजनाएं पहुंचाना शुरू कर देगा.
एक विनम्र निवेदन आपसे और है. 20 वर्षों से बिहार नकारात्मक राजनीति का शिकार रहा है, आप खुद भी सोचिए असंभव, असंभव का राग अलापने वाले इन नेताओं को जब आपके भाई तेजस्वी ने 17 महीने में ये समझा दिया कि असंभव कुछ नहीं होता, और एक बिहारी के शब्दकोश में तो ये शब्द होता ही नहीं है.
मेरी समस्त बहनों से मेरा करबद्ध अनुरोध है कि अब बिहार का विकास चाहते हैं तो इन ढोंगियों के दावों में मत आना और सोचना कि जो 20 सालों तक नहीं कर पाए, तेजस्वी के कर दिखाते ही और चुनाव पास आते ही, ये लोग 20 दिनों में सब करने को आतुर हैं. कैसा मजाक कर रहे हैं बिहार के साथ?
मैं एक प्रतिज्ञा और लेता हूँ, सत्ता में आते ही इनके द्वारा डकारे गए 70 हजार करोड़ रुपयों को इनसे वापस लेने का काम किया जाएगा और बिहार की बहनों को रक्षाबंधन की शगुन की राशि के रूप में दिया जाएगा.
आप सभी बहनों का आशीर्वाद तेजस्वी को इतना बल देता है कि बिहार को नम्बर वन बनाने के अपने सपने को मूर्त रूप देने की शक्ति और ऊर्जा मुझमें प्रकाशपुंज के रूप में हमेशा प्रज्ज्वलित रहती है.








