मुजफ्फरपुर- जिले के मीनापुर प्रखंड के पानापुर ओपी क्षेत्र में स्थित बहादुरपुर मठ के महंत रामबाबू सिंह की अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी. रविवार की सुबह बूढ़ी गंडक नदी के किनारे उनका शव कीचड़ में सना हुआ मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
शव की खबर फैलते ही हजारों ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए. क्षेत्र में तनाव का माहौल है. जानकारी के अनुसार, महंत रामबाबू सिंह का शव मठ से लगभग तीन किलोमीटर दूर नदी किनारे पाया गया. सुबह शौच के लिए निकले कुछ स्थानीय लोगों ने कीचड़ में सने शव को देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी.
घटना की सूचना मिलते ही पानापुर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. शुरूआती जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या के कारणों और परिस्थितियों का अभी तक पता नहीं चल सका है. शव पर चोट के निशान और आसपास के हालात से पुलिस इसे सुनियोजित हत्या का मामला मान रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश और भय का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि महंत रामबाबू सिंह एक शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, जिसके चलते इस हत्या ने सभी को स्तब्ध कर दिया है.








