पटना- पटना में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है. लोगों को गर्मी से तो राहत मिली है लेकिन बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मध्यरात्रि से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने शहर को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है.
सोमवार सुबह होते-होते पटना के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति गंभीर हो गई, जिससे जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. राजधानी क्षेत्र के कई निजी स्कूल बंद कर दिए गए हैं. पटना जंक्शन के आस-पास का इलाका, अदालतगंज, किदवई पुरी, राजेंद्र नगर और कंकड़बाग जैसे क्षेत्रों में सड़कों पर घुटने भर पानी भर गया है.
सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में अदालतगंज शामिल है, जहां न केवल सड़कों पर बल्कि कई घरों के भीतर भी बारिश का पानी घुस गया है. पटना जंक्शन के समीप जलजमाव के कारण रेल यात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्टेशन के बाहर ऑटो और टैक्सी सेवा प्रभावित रही और यात्री घंटों पानी में खड़े रहकर वाहन का इंतजार करते रहे हैं. कई ट्रैक पर भी पानी चढ़ गया है, जिसके कारण रेलवे का परिचालन प्रभावित हो रहा है.
शहर के अधिकांश इलाकों में सड़कों पर जलजमाव होने के कारण वाहन रफ्तार खो चुके हैं. कई जगह दोपहिया वाहन बंद पड़े हैं. ऑफिस जाने वाले कर्मचारी को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इधर, मौसम विभाग ने आज बिहार में पटना सहित कई जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. विभाग के अनुसार मंगलवार को भी भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. इसके साथ ही गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने की भी खबर है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. पटना के अलावा मुजफ्फरपुर, सारण, वैशाली, बक्सर, भोजपुर और गया में भी मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है.








