भागलपुर- बिहार के भागलपुर में पुलिस पर हमला हुआ है. जिसमे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं. एक सब इंस्पेक्टर के सिर में गंभीर चोट लगी है और हालत चिंताजनक बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही दूसरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची. लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने इनपर भी हमला बोल दिया. पुलिसकर्मियों को जान बचाने के लिए अपने जूते-चप्पल तक छोड़कर भागना पड़ा.
घायल अफसरों और जवानों को इलाज के लिए एनटीपीसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सब इंस्पेक्टर देवगुरु को ICU में रखा गया है. वहीं, कुछ पुलिसकर्मी को शनिवार को मायागंज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां पर उनका इलाज चल रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना के पीछे चार साल पुराना एक हाईवा चोरी का मामला बताया जा रहा है. राजेश यादव लकड़ाकोल गांव का रहने वाला है. शुक्रवार सुबह वह वैष्णो देवी से लौटा और नवगछिया स्टेशन से सबौर की ओर जा रहा था. रास्ते में सन्हौला निवासी विजय भगत दिखा, जिस पर हाईवा चोरी का आरोप था.
राजेश ने विजय को पकड़ लिया और गांव लाकर पंचायत की. विजय ने पैसे लौटाने की बात कही. इसी बीच विजय ने अपने परिजनों को कॉल कर दिया और खुद के अपहरण की सूचना पुलिस को दे दी.
सूचना के आधार पर कहलगांव थाने की टीम निजी वाहन और सिविल ड्रेस में वहां पहुंची. गांव के मुहाने पर राजेश को देख पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कहा जाता है कि पुलिस के एक जवान द्वारा फायरिंग किए जाने के बाद राजेश ने भी पत्थर फेंक दिया. शोर सुनकर सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा हो गए और पुलिस टीम को अपराधी समझ पिटाई कर दी.
ग्रामीणों का कहना है कि, ”पुलिस जब गांव में घुसी तो सभी सिविल ड्रेस में थे और गाड़ी भी निजी थी. अचानक फायरिंग शुरू हो गई, जिससे हमलोगों को शक हुआ कि अपराधियों ने हमला किया है. सिविल ड्रेस में आए लोगों ने मेरी पत्नी पर भी फायरिंग कर दी. इसी भ्रम में ग्रामीणों ने घेरकर हमला कर दिया.








