पटना- प्रशांत किशोर सहित जन सुराज के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के खिलाफ पटना में मामला दर्ज किया गया है. प्रदर्शनकारियों पर निषेधाज्ञा उल्लंघन और हिंसा भड़काने का आरोप लगाते हुए पुलिस ने पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर, राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज भारती, प्रवक्ता विवेक बिंद, मनीष कश्यप सहित लगभग 300 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.
दरअसल, बुधवार सुबह जन सुराज पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता किसानों और युवाओं से जुड़ी अपनी मांगों को लेकर विधानसभा के घेराव के लिए इकट्ठा हुए. उनका आरोप था कि सरकार उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है. हालांकि, इस क्षेत्र में पहले से ही धारा 144 लागू थी और बड़ी सभाओं या जुलूसों पर प्रतिबंध था.
जब प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स तोड़कर विधानसभा परिसर की ओर बढ़ने लगे, तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई. प्रदर्शनकारियों पर पथराव और पुलिस पर हमले के आरोप लगे. जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस हिंसक झड़प में जन सुराज पार्टी का एक कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. कुछ पुलिसकर्मी भी हल्के-फुल्के रूप से घायल हुए हैं. घटना के बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पटना के सचिवालय थाना में एक विशाल एफआईआर दर्ज की है.








