शेखपुरा- बिहार के शेखपुरा से बड़ी खबर सामने आ रही है जहां पुलिस ने सिपाही भर्ती परीक्षा में बड़े सॉल्वर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने गिरोह के किंगपिन को नवादा से और अन्य 14 सदस्यों को शेखपुरा से गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं.
दरअसल शेखपुरा में रविवार को सिपाही भर्ती परीक्षा पांच केंद्रों पर आयोजित की जा रही थी. इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि परीक्षा में एक बड़ा गिरोह गड़बड़ी करने की योजना बना रहा है. एसपी ने तत्काल एक विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की. रविवार सुबह 10 बजे से शुरू हुई छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई देर रात तक जारी रही.
इस गिरोह का किंगपिन गोरलाल यादव नवादा जिला के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के हरिनारायणपुर गांव से गिरफ्तार किया गया. पुलिस की टेक्निकल टीम ने नवादा पुलिस के सहयोग से उसे पकड़ा. गिरोह में दूसरे नंबर पर प्रह्लाद कुमार उर्फ कमांडो की भूमिका थी जिसे बरबीघा के बभनबीघा गांव से गिरफ्तार किया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सोमवार को एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरोह की पूरी गतिविधियों का खुलासा किया. प्रेस वार्ता में एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार समेत ऑपरेशन को अंजाम देने वाले पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे.
एसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से 12 मोबाइल फोन, चार फर्जी आधार कार्ड, बायोमेट्रिक ऑपरेटरों व सुपरवाइजरों के फर्जी पहचान पत्र, लाभ पहुंचाए जाने वाले परीक्षार्थियों के नाम व रोल नंबर से जुड़ी पर्चियां, नक़ल के लिए लायी गई असर शीट के टुकड़े और एडमिट कार्ड की प्रतियां बरामद की गई हैं.
एसपी चौधरी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि तीन लाख रुपये में एक परीक्षार्थी को पास कराने का सौदा तय होता था. इसमें आधी राशि परीक्षा के दौरान और बाकी पास होने के बाद ली जाती थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गिरफ्तार लोगों में नवादा के गोविंदपुर निवासी मास्टरमाइंड गोरलाल यादव (25), बरबीघा थाना क्षेत्र के बभनबीघा निवासी प्रह्लाद कुमार, सचिन कुमार, नीतीश कुमार, अवतार कुमार, सुधीर कुमार, सिकंदर कुमार, चिंटू कुमार, आदित्य कुमार, धर्मेंद्र कुमार, अमरजीत कुमार, अभिषेक कुमार, अमोद कुमार, प्रीति कुमारी और पूनम कुमारी शामिल हैं.








