पटना- राजधानी पटना में परीक्षा माफिया गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. रामकृष्ण नगर थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक अपार्टमेंट के फ्लैट में छापेमारी कर गिरोह से जुड़े दो शातिरों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम प्रकाश और सुबोध यादव के रूप में हुई है. पुलिस को इनके ठिकाने से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, मोबाइल फोन, विभिन्न पदों के नकली स्टांप, करीब 45 लोगों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, ब्लैंक चेक, दो कार और एक बाइक बरामद हुई है.
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए पटना के पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वे किसी अन्य व्यक्ति के इशारे पर कमीशन पर ठगी का काम करते थे. दोनों पिछले 5-6 महीने से रामकृष्ण नगर क्षेत्र में रह रहे थे और 10 प्रतिशत कमीशन पर फर्जीवाड़े में संलिप्त थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
परिचय कुमार का कहना है कि, पुलिस को मौके से जिन अभ्यर्थियों के रोल नंबर मिले हैं, उनसे भी पूछताछ की जाएगी. साथ ही बरामद दस्तावेजों की जांच सिपाही चयन परिषद से भी कराई जाएगी, ताकि फर्जीवाड़े का पूरा नेटवर्क सामने आ सके. इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है.








