पटना- बिहार में इस वक्त कानून व्यवस्था की स्थिति भयावह हो चुकी है. शिक्षक, इंजीनियर, डॉक्टर, वकील, व्यवसायी, ठेकेदार और बच्चियों के साथ गैंगरेप जैसी घटनाएं हो रही हैं. बढ़ते अपराध पर राजनीति भी चरम पर है.
बढ़ते अपराध को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने हमला बोला है. तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाया और कहा कि वोट लेने के बाद सुरक्षा देने की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री की बनती है. तेजस्वी ने कहा, मुख्यमंत्री से बिहार संभल नहीं रहा है और सरकार रिमोट कंट्रोल से चल रही है.
तेजस्वी ने कहा कि अब बिहार में हालात बहुत खराब हो चुके हैं. अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं, और जनता सुरक्षित नहीं है. लेकिन उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इसके लिए दोषी नहीं ठहराया, बल्कि सीधे प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी पर हमला बोला. उनका कहना है कि बिहार अब ‘रिमोट कंट्रोल’ से चल रहा है और मुख्यमंत्री उम्र व स्वास्थ्य के कारण ज्यादा कुछ नहीं कर पा रहे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
तेजस्वी ने कहा कि प्रधानमंत्री को अपनी आंखें खोलकर देखना चाहिए कि बिहार में क्या हो रहा है. उन्होंने कहा कि अब राज्य में भ्रष्ट अफसर, बीजेपी के करीब रहने वाले नेता और कुछ रिटायर्ड अधिकारी मिलकर बिहार को लूट रहे हैं. नीतीश कुमार को इस बात की जानकारी तक नहीं है.
जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने चिराग और कुशवाहा पर भी सवाल उठाए हैं, तो तेजस्वी ने कहा कि ये उनकी ‘राजनीतिक मजबूरी’ थी. उन्होंने फिर दोहराया कि अगर सरकार बीजेपी चला रही है, तो जवाबदेही भी उन्हीं की बनती है.








