पटना- भाजपा लीगल सेल ने नकली दवा मामले में नगर विकास मंत्री जीवेश मिश्रा पर की गई टिप्पणियों को लेकर सांसद पप्पू यादव, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम समेत कई नेताओं को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया है कि 15 दिन में माफी मांगे वरना कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा लीगल सेल के समन्वयक आर. दीक्षित ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अगर इन नेताओं ने 15 दिनों के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंत्री जीवेश मिश्रा का किसी भी दवा कंपनी से कोई संबंध नहीं है, न ही वे किसी दवा कंपनी के मालिक हैं।
बता दें कि हाल ही में राजस्थान की राजसमंद कोर्ट ने मंत्री जीवेश मिश्रा को एक 15 साल पुराने नकली दवा मामले में दोषी करार दिया था हालांकि, उन्हें 7,000 का जुर्माना भरने और सदाचार बनाए रखने की शर्त पर रिहा कर दिया गया था। इस फैसले के बाद सांसद पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जीवेश मिश्रा को बर्खास्त करने की मांग की थी और उन्हें “नकली दवा माफिया” तक कहा था।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आरजेडी नेता रोहिणी आचार्या ने ट्वीट कर नीतीश सरकार को “लाचार और समझौतावादी” करार देते हुए कहा था कि नकली दवा कारोबारी आज भी मंत्री पद पर बना हुआ है। वहीं, कांग्रेस नेता राजेश राठौड़ ने नकली दवाओं के नेटवर्क और उसके राजनीतिक संबंधों की जांच की मांग की थी।








