देवघर- आज सावन की पहली सोमवारी है. पहली सोमवारी पर देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड़ पड़ा है. अहले सुबह से ही लोग जलाभिषेक के लिए कतार में खड़े दिखे. कुछ श्रद्धालु तो सावन की पहली सोमवार को जल चढ़ाने के लिए देर रात ही मंदिर पहुंच चुके थे.
जो भी श्रद्धालु सोमवार को बाबा के ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं, वह रूट लाइन के रास्ते से ही मंदिर तक पहुंच रहे हैं. पहली सोमवारी की भीड़ को देखते हुए जिले के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा सहित तमाम पदाधिकारी मंदिर में सुबह-सुबह ही सारी तैयारी का जायजा लेने पहुंचे.
इस वर्ष 4 सोमवारी का योग बना हुआ है. वहीं, मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने कहा कि इस वर्ष सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है. सुबह में ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंच गए थे. सुबह चार बजे जैसे ही बाबा का पट खुला, श्रद्धालु जलाभिषेक करने के लिए पहुंचने लगे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
श्रद्धालुओं ने बताया कि आज जलाभिषेक करने में 8 घंटे से भी ज्यादा लग रहे हैं. कई बम को तो जलाभिषेक के लिए 12 से 15 घंटे तक इंतजार करना पड़ा. इधर, प्रशासन की ओर से भी श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है.
जो भी भक्त आ रहे हैं उन्हें सही रास्ता दिखाकर मंदिर परिसर भेजा जा रहा है. वहीं, कांवरिया पथ पर लाइनें सुचारू रूप से चलती रहे, इस पर जिला प्रशासन की ओर से विशेष ध्यान दिया जा रहा है. मंदिर के चारों ओर एवं मुख्य चौकों पर क्यूआरटी की टीम तैनात की गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








