रांची- पश्चिमी सिंहभूम के एक सरकारी कार्यालय में खुलेआम सिगरेट पीने पर एक कर्मचारी के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की गई है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर उपायुक्त चंदन कुमार ने कर्मचारी को निलंबित कर दिया है.
कर्मचारी की पहचान जगन्नाथपुर प्रखंड कार्यालय के जन सेवक, जगमोहन सोरेन के रूप में हुई है. साथ ही उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त को लापरवाह कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को भी कहा है.
दरअसल, एक वीडियो वायरल हुआ था. इस वीडियो को के.देवराज हेस्सा नामक शख्स ने मुख्यमंत्री को टैग करते हुए एक्स पर पोस्ट किया था. वीडियो में सरकारी कर्मचारी जगमोहन सोरेन कार्यालय में बैठकर सिगरेट पीते दिख रहे थे. यह बात सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक पहुंच गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फौरन संज्ञान लिया. उन्होंने सख्त नाराजगी जताते हुए पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त को टैग कर लिखा कि ‘विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई करते हुए सूचना दें. यह स्थिति बिल्कुल बर्दाश्त के काबिल नहीं है.
मुख्यमंत्री का निर्देश मिलते ही पूरा जिला प्रशासन संबंधित कर्मचारी की पहचान करने में जुट गया. पहचान होते ही उपायुक्त ने संबंधित कर्मचारी को फौरन सस्पेंड कर मुख्यमंत्री को बताया कि वीडियो में प्रदर्शित सरकारी कर्मचारी को नियम के के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और उप विकास आयुक्त को विधिवत अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया है.
इधर, वीडियो टैग करने वाले युवक के.देवराज हेस्सा ने मामले पर फौरन संज्ञान लेने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताते हुए लिखा कि सरकारी दफ्तर में बरते जा रहे अशोभनीय आचरण के विरुद्ध आधी रात को आपका एक्शन मोड में होना यह बताता है कि राज्य के प्रहरी मुख्यमंत्री जनसमस्याओं के प्रति सदैव सजग हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








