पटना- 15 अगस्त से पटना में मेट्रो का पहला चरण शुरू हो जायेगा. जिसमें न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से मलाही पकड़ी स्टेशन तक मेट्रो ट्रेन चलेगी. मलाही पकड़ी स्टेशन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और स्टेशन पर लिफ्ट और एक्सीलरेटर लगाने का काम चल रहा है.
पटना मेट्रो का पहला चरण न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से मलाही पकड़ी तक 6.107 किलोमीटर लंबे प्राथमिक कॉरिडोर पर चलेगा. इस मार्ग पर पांच स्टेशन होंगे.
हालांकि इसके अंतर्गत आने वाले खेमनीचक स्टेशन पर अभी ट्रेन नहीं रुकेगी, क्योंकि यहां अभी निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है. ये इंटरचेंज स्टेशन है, जहां ब्लू लाइन और रेड लाइन मेट्रो मिलेगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मेट्रो की औसत गति 80 किमी/घंटा रखी गई है. अभी ब्लू लाइन फेज 2 का उद्घाटन होगा, जिसे प्रायोरिटी कॉरिडोर नाम दिया गया है. मलाही पकड़ी स्टेशन, पटना मेट्रो के प्राथमिक कॉरिडोर का प्रमुख स्टेशन है, जो हनुमान नगर रोड और पाटलिपुत्र स्टेडियम रोड के कोने पर स्थित है.
यह एलिवेटेड स्टेशन है और दो मंजिला है. जिसमें यात्रियों की सुविधा के लिए चार प्रवेश-निकास द्वार, चार लिफ्ट और चार एक्सीलरेटर लगाए जा रहे हैं. दो प्रवेश और निकास द्वार स्टेशन के पूर्वी छोर और दो प्रवेश और निकास द्वार स्टेशन के पश्चिमी छोर पर है.
स्टेशन पर कंक्रीट सीढ़ियों और रैंप का निर्माण भी किया गया है, ताकि बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों को कोई दिक्कत न हो. मलाही पकड़ी स्टेशन पर यात्री ग्राउंड फ्लोर से प्रवेश करेंगे, फिर पहली मंजिल पर टिकट काउंटर तक पहुंचेंगे और दूसरी मंजिल पर प्लेटफॉर्म से ट्रेन में सवार होंगे. स्टेशन पर वाहन पार्किंग और दुकानों की व्यवस्था की गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस कॉरिडोर के शुरू होने से मलाही पकड़ी इलाके के करीब एक लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा, क्योंकि उन्हें बस स्टैंड जाने के लिए पटना बाईपास जैसे व्यस्त सड़कों को पार करने की आवश्यकता नहीं होगी. मलाही पकड़ी से खेमनीचक स्टेशन की दूरी 1516.84 मीटर है.
नगर विकास विभाग के सूत्रों के अनुसार मेट्रो का न्यूनतम किराया 15 रुपए (0-3 किमी) और 30 रुपए(3-6 किमी) तय किया गया है. मलाही पकड़ी से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल तक का किराया 30 रुपए होगा.
हालांकि अभी आधिकारिक रूप से किराया तय नहीं हुआ है. विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जब मेट्रो की शुरुआत होगी, तब आधिकारिक रूप से किराया की घोषणा की जाएगी.
अगर सरकार मेट्रो को नो प्रॉफिट नो लॉस के आधार पर बिजली उपलब्ध कराती है, तो न्यूनतम किराया ₹15 होगा, वरना न्यूनतम किराया ₹20 होगा. मेट्रो का परिचालन सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक होगा.








