पटना- प्रशांत किशोर ने गोपाल खेमका हत्याकांड पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नीतीश सरकार का इकबाल पूरी तरह खत्म हो गया है. उन्होंने कहा कि लालू राज में अपराधी बेलगाम थे, वहीं आज नीतीश राज में अधिकारी मनमानी कर रहे हैं और किसी से नहीं डरते. उनका कहना था कि जब शासन का डर खत्म हो जाए तो अराजकता फैलना तय है.
प्रशांत किशोर रोहतास जिले के नोखा में लोगों को सम्बोधित कर रहे थे. प्रशांत किशोर ने कहा कि एक बड़े कारोबारी की सरेआम हत्या होने के बाद राज्य का व्यापारी वर्ग डर के साए में जी रहा है. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि पहले जैसे अपराधी किसी से नहीं डरते थे, अब वही हाल अधिकारियों का है. कानून का राज खत्म हो गया है और सरकार नाम की कोई चीज नजर नहीं आती.
प्रशांत किशोर ने महंगाई के मुद्दे पर भी केंद्र और राज्य सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि एक ओर फ्री गैस सिलेंडर बांटा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर गैस के दाम बढ़ा दिए गए हैं. ये सिर्फ दिखावा है, असली मदद लोगों को नहीं मिल रही. उन्होंने कहा कि वह खुद रोहतास के रहने वाले हैं और इस इलाके के भविष्य को लेकर गंभीर हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








