रांची- मुहर्रम के मद्देनजर रांची पुलिस ने शनिवार को शहर के प्रमुख संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला. यह मार्च अल्बर्ट एक्का चौक से शुरू होकर मेन रोड होते हुए सुजाता चौक तक पहुंचा. मार्च के दौरान पुलिस बल उन सभी क्षेत्रों से गुजरा, जहां अतीत में सांप्रदायिक तनाव की आशंका रही है.
डीआईजी सह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंदन कुमार सिन्हा ने कहा, ‘फ्लैग मार्च का मकसद लोगों को यह भरोसा दिलाना है कि वे निर्भीक होकर मुहर्रम मनाएं. शांति भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.’
वहीं, शनिवार को बोकारो के सेक्टर-12 पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह की अध्यक्षता में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. इस दौरान डीएसपी सिटी आलोक रंजन, सार्जेंट मेजर प्रणव कुमार और जोय प्रभाकर लकड़ा मौजूद रहे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मॉक ड्रिल में उपद्रव की स्थिति में आंसू गैस, रबर बुलेट और लाठी चार्ज का अभ्यास किया गया. एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि जिले में 274 लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी जुलूस निकलेंगे, जिनकी निगरानी के लिए 200 सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन तैनात किए गए हैं.
रांची और बोकारो प्रशासन ने जनता से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है. दोनों शहरों में पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी. मुहर्रम के दौरान सुरक्षा और सौहार्द सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की यह पहल न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि सामाजिक एकता को भी बढ़ावा देगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








