रांची- राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी को 3 जुलाई की रात कॉल करके धमकी मिली थी. इस धमकी के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ने राज्य की विधि व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया है.
प्रवक्ता अजय साह ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को फोन पर जान से मारने की धमकी से अब साफ हो गया है कि राज्य में कोई भी सुरक्षित नहीं है.
उन्होंने कहा कि चाहे आम आदमी हो, कारोबारी हो, अधिकारी हो या फिर मंत्री, विधायक सब परेशान हैं. भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को जान से मारने की धमकी एक बेहद गंभीर मामला है. इस मामले की पूरी और उच्च स्तरीय जांच की मांग भाजपा करती है.
उन्होंने कहा कि डॉ इरफान अंसारी जिस जामताड़ा से ताल्लुक रखते हैं, वो देश दुनिया में साइबर अपराध के लिए कुख्यात रहा है. वहीं से किसी लड़के ने मंत्री का फिरकी तो नहीं ली है. ऐसे में बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि इसकी भी जांच होनी चाहिए.
इधर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी को मिली धमकी को लेकर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि धमकी पर निश्चित रूप से जांच होगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भाजपा की ओर से उठाए गए विधि व्यवस्था के सवाल पर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि बीजेपी विधि व्यवस्था पर सवाल न उठाए. कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मंत्री को जिस नंबर से धमकी मिली है, उस नंबर की जानकारी पुलिस को दे दी गई है.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि निश्चित रूप से यह गंभीर मामला है. लेकिन इस पर भाजपा को चुटकी लेने का कोई अधिकार नहीं है. सोनाल शांति ने कहा कि भाजपा राज में सीएम हाउस के बाहर गोली चलती थी, यह सब जानते हैं.
उन्होंने कहा कि वर्तमान गठबंधन सरकार में अपराध करने वालों को सजा मिलती है. धमकी भरे कॉल को लेकर सोनाल शांति ने कहा कि हो सकता है स्वास्थ्य मंत्री को किसी ने टारगेट कर रखा हो.








