दरभंगा- बिहार के दरभंगा में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहां सरकारी नौकरी के लिए एक बेटे ने अपने पिता के जीवित रहते हुए उनका मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया. वह इस प्रमाण पत्र के आधार पर अनुकंपा पर नौकरी पाना चाहता था, लेकिन मंगलवार को इस मामले का फर्दाफाश हो गया.
जानकारी के अनुसार पथ प्रमंडल दरभंगा के चतुर्थवर्गीय कर्मचारी विष्णु देव यादव को मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर मृत दिखाया गया. उनके बेटे विकास कुमार यादव ने इसी फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र का इस्तेमाल कर अनुकंपा के आधार पर नौकरी की सिफारिश करवा ली.
30 मई को इस सिफारिश को जिला अनुकंपा समिति की ओर से पारित भी कर दिया गया था, लेकिन मंगलवार को हुई समिति की बैठक में सच्चाई सामने तब आई, जब कर्मचारी विष्णु देव यादव ने खुद जीवित अवस्था में उपस्थित होकर समिति के सदस्यों को यह बताया कि उनके नाम से उनके पुत्र ने उनका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर नौकरी के लिए आवेदन किया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस बात की भनक लगते ही विभाग सहित पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. तत्काल विभाग ने इसकी जांच करते हुए सबसे पहले फर्जी नियुक्ति को रद्द कर दिया. फर्जीवाड़े की पोल खुलते ही डीएम कौशल कुमार ने इस मामले में FIR दर्ज करने का आदेश दिया है.
डीएम ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और अनुकंपा समिति की जांच रिपोर्ट की जांच के भी आदेश दिए हैं. इस फर्जी नियुक्ति में शामिल बेटे विकास कुमार यादव, उसकी मां शांति देवी और सभी दोषी कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








