पटना- बिहार की पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद रेणु कुशवाहा ने आज बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) का दामन थाम लिया। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष मंगली लाल मंडल की मौजूदगी में रेणु कुशवाहा ने राष्ट्रीय जनता दल की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर तेजस्वी यादव ने कहा कि हम तो पहले ही कह चुके हैं कि अगर कुशवाहा समाज एक कदम चलेगा तो तेजस्वी 4 कदम चलने का काम करेगा। लोकसभा में सबसे ज्यादा कुशवाहा को टिकट देने का काम इंडिया गठबंधन ने किया था। हम कुशवाहा समाज को साथ लेकर चलने वाले लोग हैं।
बता दें कि रेणु कुशवाहा नीतीश सरकार में मंत्री रह चुकी हैं। वह जेडीयू, बीजेपी और एलजेपी में भी रह चुकी हैं,अब आरजेडी में शामिल हो गयी हैं। तेजस्वी यादव और मंगली लाल मंडल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता हासिल करायी। रेणु कुशवाहा के आरजेडी में शामिल होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बता दें कि रेणु कुशवाहा 3 बार विधायक,एक बार सांसद और दो बार बिहार की मंत्री रह चुकी हैं। वो कुशवाहा समाज की बड़ी नेता मानी जाती है। 2024 के लोकसभा चुनाव में खगड़िया सीट पर रेणु कुशवाहा एलजेपी के टिकट की बड़ी दावेदार थी लेकिन उनकी जगह चिराग पासवान ने वह टिकट राजेश वर्मा को दे दिया। जिसके बाद से ही रेणु कुशवाहा एनडीए से नाराज चल रही थी।








