यूपी- इटावा जिले का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें भीड़ द्वारा दो लोगों के साथ बदसलूकी की जा रही है. उनके चोटी और बाल काटे जा रहे हैं. एक पीड़ित मौके पर मौजूद महिला के पैर छूता हुआ और नाक रगड़ता हुआ नजर आ रहा है. भीड़ ने पीड़ितों का हारमोनियम भी तोड़ दिया. फिलहाल, पुलिस ने इस वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है.
बताया जा रहा है कि जिन दो लोगों के साथ बदसलूकी की गई, वे कथावाचक हैं. गांव-गांव जाकर कथा कहते हैं. इस कड़ी में दोनों थाना बकेवर क्षेत्र के अंतर्गत दादरपुर गांव पहुंचे थे. लेकिन यहां उनके साथ मारपीट और अभद्रता की गई. किसी ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है.
एक पीड़ित ने बताया कि उसका नाम संत कुमार यादव है और वह कथावाचक मुकुट मणि यादव के साथ सहायक के तौर पर रहता है. दोनों गांव में कथा कहने के लिए गए थे, तभी वहां ब्राह्मण समुदाय के लोगों ने उनको टोका और जाति पूछी. जब उन्होंने खुद को यादव समाज का बताया तो उन लोगों ने बंधक बनाकर पीट दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पीड़ित पक्ष के कथावाचक मुकुट मणि यादव ने कहा कि मेरी कथा बुक कराई गई थी, लेकिन जब हम कथा करने के लिए पहुंचे और कथा प्रारंभ ही की थी दूसरे पक्ष ने बवाल काट दिया. उन्होंने हमारे साथ अमानवीय व्यवहार किया, अपशब्द कहे. अब हमें न्याय चाहिए. पुलिस आरोपियों पर एक्शन ले.
वहीं, इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि थाना बकेवर क्षेत्र के अंतर्गत दादरपुर गांव में भागवत कथा के दौरान एक घटना हुई है. जिसमें पीड़ित लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया. जिसमें उनकी इच्छा के विरुद्ध उनकी चोटी काटी गई.
इस संबंध में तहरीर मिली है. मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है. कड़ी कार्रवाई की जाएगी. ऐसा बताया गया है कि पीड़ितों के कुछ रुपये भी छीन लिए गए है. फिलहाल, जांच की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








