बोकारो- बोकारो में मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ है. कार्रवाई बोकारो पुलिस ने कोलकाता एसटीएफ, रांची एटीएस, बेरमो थाना और गांधीनगर थाना की संयुक्त टीम ने की है. इस कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध हथियार और शराब बरामद की गई. बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने शुक्रवार को गांधीनगर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी.
बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि गुरुवार शाम कोलकाता एसटीएफ, रांची एटीएस, बेरमो और गांधीनगर थाना की संयुक्त टीम ने जरीडीह बाजार के कावेरी मैरिज पैलेस और इसके सामने गोदाम में छापेमारी की.
इस दौरान एक अवैध गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ, जहां हथियार निर्माण के सामान के साथ-साथ भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बियर की पैकिंग सामग्री बरामद की गई. एसपी ने बताया कि यह मैरिज हॉल सूरज साव का है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एसपी हरविंदर सिंह ने खुलासा किया कि इस फैक्ट्री में निर्मित हथियार पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश भेजे जाते थे. एसपी ने स्वीकार किया कि गांधीनगर थाना क्षेत्र में इतने बड़े पैमाने पर अवैध हथियार निर्माण की जानकारी स्थानीय प्रशासन को नहीं थी.
उन्होंने कहा कि प्रशासन की सूचना तंत्र को और मजबूत किया जाएगा. यह अवैध धंधा एक सुदूर इलाके में बैंक्विट हॉल के यार्ड में चल रहा था. पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि इसके पीछे के नेटवर्क का पता लगाया जा सके.
छापेमारी के दौरान छह निर्मित पिस्तौल, अठारह अर्ध-निर्मित पिस्तौल, बैरल बनाने का सामान और अन्य हथियार निर्माण की सामग्री बरामद की गई. इसके अलावा, भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब, बियर और पैकिंग के लिए खाली डिब्बे व रैपर भी जब्त किए गए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस कार्रवाई में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें बिहार के मुंगेर जिले का प्रवीन और खगड़िया जिले का केशव शामिल हैं. मुख्य सरगना सूरज साव मौके से फरार हो गया. पुलिस इस मामले में गहन जांच कर रही है और फरार सूरज साव की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है.








