डेस्क- गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को एअर इंडिया का यात्री विमान क्रैश हो गया. यह बोइंग विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था और उड़ान भरने के दो मिनट बाद ही एयरपोर्ट से सटे मेघानीनगर इलाके में हादसा का शिकार हुआ.
प्लेन जिस बिल्डिंग से टकराया, वहां अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स रहते हैं। जानकारी के मुताबिक हादसे के समय इमारत में 50 से 60 डॉक्टर मौजूद थे, इनमें 15 से ज्यादा घायल हो गए हैं।
भारतीय मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की गुजरात इकाई के अध्यक्ष डॉ. मेहुल शाह ने अहमदाबाद सिविल अस्पताल से जानकारी दी है कि तीन MBBS छात्रों की मौत हो चुकी है. फिलहाल मृतकों के नामों की पुष्टि नहीं हो पाई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अस्पताल में लगभग 45 छात्र भर्ती हैं, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. डॉ. मेहुल शाह खुद सिविल अस्पताल में मौजूद हैं और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
एअर इंडिया ने विमान हादसे के बाद यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया है. इसके अतिरिक्त विदेशी नागरिकों के लिए एक अलग हेल्पलाइन नंबर +91 8062779200 भी सक्रिय कर दिया गया है, ताकि वे भी ज़रूरी जानकारी प्राप्त कर सकें.
एअर इंडिया ने मीडिया से अपील की है कि वे इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल न करें, क्योंकि ये केवल पीड़ित यात्रियों और उनके परिजनों के लिए आरक्षित हैं. मीडिया को जानकारी के लिए आधिकारिक प्रवक्ता या सूचना चैनलों से संपर्क करने को कहा गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








