रांची- राजधानी में सिरम टोली के पास फ्लाईओवर के रैंप को सरना स्थल के सामने से पूरी तरह हटाने की मांग को लेकर 30 मार्च यानी रविवार को पूर्व मंत्री गीताश्री उरांव के नेतृत्व में हुए विरोध मार्च और पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ने के मामले में चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई है. फिलहाल घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है. इसमें रैपिड एक्शन फोर्स के जवान भी शामिल है.
सरना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात दंडाधिकारी के आवेदन पर पूर्व मंत्री गीता श्री उरांव समेत 21 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज हुई है. इसमें 150 से ज्यादा अज्ञात का भी जिक्र है. अज्ञात की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है.
प्राथमिकी में इस बात का जिक्र है कि जबरन बैरिकेडिंग तोड़ी गई. जवान की राइफल छीनने की कोशिश की गई. पुलिस के साथ धक्का मुक्की की गई. सरकारी काम में बाधा डाला गया. पुलिस के साथ बदसलूकी भी की गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बता दें कि सिरम टोली के पास सरना स्थल के सामने से रैंप हटाने की मांग को लेकर लगातार आंदोलन चल रहा है. आंदोलनकारी की दलील है कि रैंप की वजह से सरना स्थल में प्रवेश का रास्ता सकरा हो गया है. इसलिए सरहुल शोभायात्रा के दिन श्रद्धालुओं को सरना स्थल में प्रवेश के दौरान बहुत दिक्कत होगी. लिहाजा, हर हाल में वहां से रैंप को हटाना होगा.








