रांची- सिरम टोली स्थित सरना स्थल के पास से रैंप हटाने की मांग को लेकर विभिन्न आदिवासी संगठनों ने आज रांची बंद बुलाया है. सुबह से ही शहर के विभिन्न इलाकों में आगजनी और जाम की स्थिति बनी हुई है.
सरना समिति के समर्थकों ने कई स्थानों पर टायर जलाकर सड़कों को अवरुद्ध कर दिया है, जिसमें लोवाडीह क्षेत्र भी शामिल है. मौके पर मौजूद पुलिस बल यातायात को सुचारू करने में जुटी हुई है.
बंद का असर लोवाडीह चौक के पास देखने को मिला जहां बंद समर्थकों ने आने जाने वाले वाहनों को रोक दिया है. वे जमकर नारेबाजी कर रहे हैं. घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर तैनात कर दिया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं, कांके में भी यही स्थिति है. बंद समर्थकों ने मुख्य सड़क पर आवागमन रोक दिया. मुख्य चौक चौराहों की दुकानें बंद हैं. वहीं, सिरमटोली चौक पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं. स्टेशन की तरफ आने-जाने वाले ऑटो रिक्शा का परिचालन सामान्य दिनों की तरह ही है. कोकर चौक पर भी बंद के समर्थकों ने टायर जलाकर चक्का जाम कर दिया.
चौक चौराहों में संचालित दुकानों को बंद कराया. इस बीच कई इलाके जैसे कि अरगोड़ा चौक, किशोर गंज चौक पर वाहनों का परिचालन सामान्य है. वहीं, पिस्का मोड़, कांटा टोली चौक पर बंद समर्थक सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं. इस वजह से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
रांची बंद के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. बंद को देखते हुए पुलिस न केवल सतर्कता बरत रही है, बल्कि बंद समर्थकों को सख्त चेतावनी भी दी गई है कि अगर किसी ने गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम दिया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. जहां-जहां बंद समर्थक पहुंच रहे हैं, उनकी वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है. रांची बंद को देखते हुए सबसे ज्यादा सुरक्षा व्यवस्था सिरम टोली फ्लाईओवर के पास लगाई गई है. सिरम टोली के पास वज्र वाहन के साथ-साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है.








