मुंगेर- होली के दिन अपनी ड्यूटी निभाने के दौरान अपराधियों के हमले में जान गंवाने वाले एएसआई संतोष सिंह की हत्या में एक्शन जारी है. एक तरफ जहां आरोपियों की गिरफ्तारी हो रही है, वहीं अब पुलिस के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है. मुंगेर रेंज के डीआईजी राकेश कुमार ने एसपी सैयद इमरान मसूद की अनुशंसा पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष चंदन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
डीआईजी राकेश कुमार ने बताया कि नंदलालपुर गांव से उस उपद्रवी परिवार द्वारा उपद्रव करने की सूचना लगातार पुलिस को मिल रही थी. बीते 14 मार्च की दोपहर में भी पुलिस गई थी और बैरंग लौट गई. उपद्रव की सूचना पर थानाध्यक्ष कर्तव्य के प्रति लापरवाह बने रहे. जिसका नतीजा रहा कि अपराधियों को मनोबल बढ़ा और एएसआई को जान गंवानी पड़ी.
मुफस्सिल थानाध्यक्ष चंदन कुमार को जहां तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, वहीं मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने कर्तव्यहीनता और लापरवाही के आरोप में डायल 112 के चालक सिपाही दीपक कुमार, सिपाही सिंह परमानन्द और एक सैप के जवान पर कार्रवाई के लिए मुख्यालय को लिखा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बता दें कि 14 मार्च 2025 को एएसआई संतोष कुमार सिंह सूचना मिलने के बाद नंदलालपुर गांव में एक विवाद को सुलझाने गए थे. जहां शराबी परिवार ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया. उनके सिर में गंभीर चोट लग गई. बाद में इलाज के दौरान पटना के एक अस्पताल में उनकी मौत हो गई. इस हमले में शामिल आरोपियों ने कथित तौर पर धारदार हथियारों का उपयोग किया था.








