पटना- बिहार विधानसभा के बजट सत्र के छठे दिन विपक्ष ने महिला हिंसा के मुद्दे पर जोरदार हंगामा किया. स्पीकर की अपील के बावजूद विरोध जारी रहा, जिसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्ष को फटकार लगाते नजर आये.
बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी विधायकों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा, “ए सुनो, फालतू बात मत करो… किसी भी घटना पर तुरंत कार्रवाई होती है. जो गड़बड़ करेगा उस पर एक्शन होगा. जब भी कोई घटना होती है मैं तुरंत अधिकारियों से कहता हूं कि देखो क्या हुआ. आपलोगों को प्रदर्शन की कोई जरूरत नहीं है.” उनके इस कड़े रुख के बाद विपक्षी सदस्य शांत हुए और अपनी सीट पर लौट आए.
वहीं, कार्यवाही के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने महिला दिवस की बधाई देते हुए महिला विधायकों को प्राथमिकता देने की घोषणा की. विपक्ष के हंगामे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “महिलाओं का विरोध करेंगे तो खाना नहीं मिलेगा, महिला पीड़ित लोग ज्यादा हल्ला कर रहे हैं.”
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बता दें कि विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही राजद और माले विधायकों ने पोर्टिको में नारेबाजी शुरू कर दी. आउटसोर्सिंग में आरक्षण की मांग को लेकर राजद विधायक आक्रामक दिखे. इसी माहौल में जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सदन में पहुंचे, तो माहौल और गरम हो गया.








