सिमडेगा- सिमडेगा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने पीएलएफआई के चार उग्रवादियों को पकड़ा है. पुलिस को कई दिनों से इनकी तलाश थी. बताया जा रहा है कि सिमडेगा के विभिन्न थाना क्षेत्रों के कई मामलों में ये वांछित थे.
गिरफ्तार उग्रवादियों में से एक सुनील उरांव उर्फ तूफान पाकरटांड़ थाना क्षेत्र में लेवी लेने के मकसद से पहुंचा था. इसी दौरान सूचना के तहत पुलिस ने उसे रंगे हाथ धर दबोचा. इससे पूछताछ के दौरान पाकरटांड़ और सिमडेगा सदर थाना क्षेत्र के कई घटनाओं का खुलासा हुआ.
गठित टीम द्वारा गिरफ्तार नक्सली के निशानदेही पर पुलिस ने इसके तीन और साथियों आशीष मिंज उर्फ अनमोल मिंज, सिद्धांत कुमार बड़ाइक और राहुल उरांव को भी धर दबोचा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इन चारों पर सिमडेगा के पाकरटांड़ थाना क्षेत्र में रोड कंस्ट्रक्शन साइड पर आगजनी कर वाहन जलाने, रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी से लेवी मांगने और सदर थाना क्षेत्र के खिजरी में पोस्टरबाजी कर दहशत फैलाने के मामले दर्ज हैं.
पुलिस ने इस मामले में एक महिला उग्रवादी यमुना मिंज को भी एक दिन पूर्व गिरफ्तार कर जेल भेजा है. पुलिस को गिरफ्तार नक्सलियों के पास से लेवी के 54,400 रुपए सहित प्रयुक्त की जा रही 02 बाइक और 05 मोबाइल मिले हैं.








