नालंदा- बिहार के नालंदा में एक महिला की बेरहमी से हत्या की गई है. महिला के तलवे में 9 कील ठोके हुए मिले हैं. शरीर पर पिटाई वाले जख्म के निशान भी थे. जिसने भी शव को देखा उसकी रूह कांप उठी. बिहारशरीफ के चंडी थाना क्षेत्र में हाइवे किनारे बहादुरपुर गांव के पास गड्ढे में शव मिलने की बात सामने आयी है.
अब तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है. देखने से लग रहा था कि उसकी उम्र 25-30 साल के आसपास होगी. उसके हाथ में इंट्राकेट और बांह में पट्टी बंधी थी. संदेह जताया जा रहा है कि उसे मारने से पहले उसकी कहीं इलाज भी हुआ होगा. महिला नाइटी में थी. नाक में नथुनी, हाथों में चूड़ियां और पैरों में पायल एवं बिछिया थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
बर्बर तरीके से हुई इस हत्या से बिहार की राजनीति भी गरमायी हुई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा है. विधानसभा के बाहर राजद विधायक ने भी इसपर प्रतिक्रिया दी है. तेजस्वी यादव ने इस हत्या को मुद्दा बनाते हुए सोशल मीडिया के जरिए सरकार को घेरा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने लिखा कि महिला अत्याचार और उत्पीड़न में बिहार शीर्ष राज्यों में है. वहीं नालंदा में यह घटना होने के कारण सीएम नीतीश कुमार पर सीधा हमला भी बोला. तेजस्वी ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए तंज कसा कि भाजपा इसे राम राज्य की मंगलकारी घटना बताएगी. उसके बाद वो 15वीं शताब्दी की याद दिलाएगी.
विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि बिहार में सभी लोग असुरक्षित हैं. सीएम नीतीश कुमार को लाचार बताते हुए राजद विधायक ने कहा कि ये सरकार जबरदस्ती चल रही है. उन्होंने इस दौर को हैवानियत का दौर बताते हुए मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








