डेस्क- पुणे के स्वारगेट बस स्टैंड पर हुए शर्मनाक रेप के मामले में महाराष्ट्र पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. 37 वर्षीय आरोपी दत्तात्रेय रामदास गाडे को पुणे के शिरुर से गिरफ्तार कर लिया गया है.
बताया जा रहा है कि वह देर रात किसी के घर खाना खाने गया था, उसी शख्स ने पुलिस को उसके बारे में जानकारी दी. आरोपी की गिरफ्तारी गुरुवार रात लगभग डेढ़ बजे हुई और आज उसे पुणे की अदालत में पेश किया जाएगा.
क्या है पूरा मामला
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुणे में स्वारगेट महाराष्ट्र स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (MSRTC) के सबसे बड़े बस डिपो में से एक है. पीड़िता के मुताबिक, वह मंगलवार सुबह करीब 5.45 बजे सतारा जिले के फलटण के लिए एक स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी, जब आरोपी ने उसे बातों में उलझा लिया, उसे ‘दीदी’ कहकर बुलाया और कहा कि सतारा के लिए बस दूसरे स्टैंड पर आ गई है.
पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया था कि वह (आरोपी) उसे बस स्टैंड में ही दूसरी जगह खड़ी एक खाली ‘शिव शाही’ एसी बस में ले गया. चूंकि बस के अंदर की लाइटें चालू नहीं थीं, इसलिए वह बस में चढ़ने से हिचकिचाई, लेकिन उस आदमी ने उसे यकीन दिलाया कि यह सही वाहन है.महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने फिर उसका पीछा किया और उसके साथ बलात्कार किया.
पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बताया कि गुनात गांव में ड्रोन और डॉग स्क्वॉड के साथ बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया गया था, जिससे आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली. अधिकारियों ने यह भी बताया कि 100 से अधिक पुलिसकर्मी गांव में पहुंच कर गन्ने के खेतों सहित अन्य संभावित ठिकानों की भी तलाशी ली.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आरोपी पिछले दो दिनों से फरार था, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए 13 विशेष टीमें बनाई थीं. इस मामले में पुणे पुलिस ने आरोपी के बारे में जानकारी देने वाले को एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा भी की थी. आरोपी गाडे पर पहले से ही चोरी, डकैती और चेन-स्नेचिंग के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं. 2019 से वह एक अपराध के मामले में जमानत पर बाहर था.








