बिहार- बिहार के मुंगेर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां सिगरेट लाने से मना करने पर एक दबंग ने एक 8 वर्षीय बच्चे को गोली मर दी. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. फिलहाल उसे इलाज के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र के जसीडीह गोविंदपुर की है. बताया जा रहा है कि रोशन बांसफोड के 8 वर्षीय पुत्र अंशु कुमार ठंड से बचने के लिए घर के पास आग ताप रहा था.
इसी दौरान गांव का दबंग नीतीश कुमार भी आकर बैठ गया और बच्चे को दुकान जाकर सिगरेट लाने को कहा. वहीं, जब बच्चे ने ठंड होने की बात कहकर सिगरेट लाने से मना कर दिया तो उसने कमर से पिस्टल निकाली और बच्चे के सिर पर गोली मार दी. इसके बाद मौके से फरार हो गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गोली की आवाज सुनकर परिजन सहित अन्य लोग पहुंचे तो देखा कि बच्चा खून से लथपथ आग के पास पड़ा हुआ है. जिसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से इलाज के लिए उसे धरहरा सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने यहां से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया.
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा को बरामद किया. फिलहाल मामले में आरोपी दबंग नीतीश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और गिरफ़्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.








