यूपी- उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक नाबालिग पर क्रूरता किये जाने का मामला सामने आया है. जिसके बाद 17 वर्षीय नाबालिग ने अपनी जान दे दी. घटना यूपी के बस्ती की है. पुलिस ने घटना में शामिल मुख्य आरोपी समेत चार को गिरफ्तार किया है. मृतक युवक संतकबीर नगर के निगहरी गांव का रहने वाला था, जो बस्ती में अपने मामा के घर रहता था.
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि 20 दिसंबर की रात 17 वर्षीय आदित्य को उसी गांव के विनय ने फोन कर जन्मदिन की पार्टी में बुलाया था. जब वह रात में जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया तो वहां चार लोग मौजूद थे. इन लोगों ने पहले आदित्य को निर्वस्त्र कर पीटा.
इसके बाद उसके चेहरे पर पेशाब कर दिया. चारों दरिंदों ने इस घटना का वीडियो भी बना लिया और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे. जब आदित्य ने वीडियो डिलीट करने की गुहार लगाई, तो उन्होंने उससे थूक चटवाया और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
परेशान होकर आदित्य घर आया और परिजनों को सारी बात बताई. परिजनों ने कप्तानगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई. परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने तहरीर तो ले ली, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की. जिससे दबंगों का हौसला और बढ़ गया.
वे लगातार उसे परेशान करने लगे, जिससे तंग आकर बेटे ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. कार्रवाई न होने से नाराज परिजन शव को लेकर कप्तानगंज थाने पहुंचे. घंटों इंतजार के बाद भी जब कार्रवाई का कोई आश्वासन नहीं मिला तो परिजन शव को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे.
इसके बाद हड़कंप मच गया. जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आज चारों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और एसपी ने पूरे मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में कप्तानगंज थाने के दारोगा को भी निलंबित कर दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








