डेस्क- EVM के मुद्दे पर INDIA ब्लॉक में दो फाड़ होता नज़र आ रहा है. जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के बाद टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के आरोपों को ख़ारिज कर दिया है.
अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को संसद भवन परिसर में मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा, ‘जो लोग ईवीएम पर सवाल उठाते हैं, अगर उनके पास कुछ है तो उन्हें चुनाव आयोग के पास जाकर डेमो दिखाना चाहिए. अगर ईवीएम रैंडमाइजेशन के समय काम ठीक से किया गया है, और बूथ पर काम करने वाले लोग मॉक पोल और गिनती के दौरान जांच करते हैं, तो मुझे नहीं लगता कि इस आरोप में कोई दम है.’
टीएमसी सांसद ने आगे कहा, ‘अगर फिर भी किसी को लगता है कि ईवीएम को हैक किया जा सकता है, तो उन्हें चुनाव आयोग से मिलना चाहिए और बताना चाहिए कि ईवीएम को कैसे हैक किया जा सकता है. सिर्फ अनाप-शनाप बयान देकर कुछ नहीं किया जा सकता.’
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एक इंटरव्यू में इस मुद्दे पर कहा था, ‘जब आप जीतते हैं तो चुनाव परिणामों को स्वीकार कर लेते हैं और जब आप हारते हैं तो ईवीएम को दोष देते हैं.
इसी ईवीएम से जब आपके 100 से ज्यादा सांसद चुनकर आते हैं, तो आप इसे अपनी पार्टी की जीत के रूप में सेलिब्रेट करते हैं तो कुछ महीनों बाद यह आप नहीं कह सकते कि हमें ईवीएम पसंद नहीं है, क्योंकि अब चुनाव नतीजे उस तरह नहीं आ रहे हैं जैसा हम चाहते हैं.’








