पटना- थप्पड़ मारने वाले पटना डीएम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. डीएम के खिलाफ राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) में शिकायत दर्ज करायी गई है. शुक्रवार को बीपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा के दौरान डीएम चंद्रशेखर सिंह ने एक अभ्यर्थी को थप्पड़ मारा था. इस मामले में अधिवक्ता ब्रजेश सिंह ने शिकायत दर्ज करायी है.
ब्रजेश सिंह सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता हैं. उन्होंने आयोग से शिकायत की है कि “एक आईएएस से इस तरह की घटना उम्मीद नहीं की जा सकती. डीएम चंद्रशेखर ने छात्रों के साथ गाली-गलौज की और एक छात्र को थप्पड़ से मारा. यह घटना डीएम का कुख्यात व्यवहार दर्शाता है.” अधिवक्ता ने इस मामले में आयोग से कार्रवाई की मांग की है.
इधर, थप्पड़कांड पर डीएम चंद्रशेखर ने कहा कि किसी परीक्षार्थी को थप्पड़ मारने की मंशा नहीं थी. उन्होंने कहा कि केंद्राधीक्षक राम इकबाल सिंह को हार्ट अटैक आया था. उन्हें अस्पताल ले जाना था, इसी दौरान छात्र प्रदर्शन करने लगे, जिससे यातायात बाधित हो गया था. छात्रों को शांत करने के लिए हल्का बल का प्रयोग किया गया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दरअसल, शुक्रवार को परीक्षा के दौरान कुम्हरार स्थित बापू परीक्षा केंद्र पर छात्रों ने प्रदर्शन किया. छात्रों का आरोप था कि प्रश्न पत्र समय से नहीं पहुंचा था. इसी को लेकर कुछ छात्र परीक्षा का बहिष्कार कर केंद्र से बाहर आ गए और प्रदर्शन करने लगे. इसी दौरान केंद्राधीक्षक को हार्ट अटैक आ गया था.
छात्रों के प्रदर्शन की सूचना पर डीएम चंद्रशेखर पहुंचे थे. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें दिख रहा है कि डीएम छात्रों को शांत करने का प्रयास कर रहे हैं. इसी दौरान एक छात्र को थप्पड़ मारते हैं. इसके बाद उस छात्र को पुलिस साथ ले गयी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








