हाजीपुर- रांची के रिम्स अस्पताल से 21 अक्टूबर को एक नवजात बच्चा गायब हो गया था. झारखंड पुलिस ने राघोपुर थाने की मदद से मामले को सुलझाते हुए बच्चे को हाजीपुर के चांदपुरा पंचायत से बरामद कर लिया है. साथ ही बच्चा चोरी के आरोप में एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है.
नवजात को बरामद करने के बाद पुलिस ने उसे उसके असली माता-पिता को सौंप दिया है. बच्चा चोरी के आरोप में पकड़ी गई महिला की पहचान राघोपुर थाना के चांदपुरा निवासी बॉबी कुमार की पत्नी रजनी माला के रूप में हुई है.
इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि रांची जिले के बरियातू थाना निवासी रमेश बुड़िया की पत्नी रविता देवी ने 21 अक्टूबर को रांची के रिम्स अस्पताल में एक बेटे को जन्म दिया था. बताया जाता है कि आरोपी रजनी माला उसी दिन इलाज के लिए रिम्स अस्पताल पहुंची हुई थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहां नवजात शिशु को देखकर उसके मन में बच्चा चुराने का विचार आया और उसने मौका मिलते ही नवजात शिशु को चुरा लिया. इसके बाद वह बच्चे को लेकर हाजीपुर आ गई. जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नवजात को बरामद कर लिया और आरोपी महिला को चांदपुरा से गिरफ्तार कर लिया.








