डेस्क- प्रियंका गांधी ने वायनाड सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन भर दिया है। वहीं अब प्रियंका गांधी ने वायनाड की जनता के लिए खुला खत शेयर किया है। इस खत में प्रियंका गांधी ने वायनाड के लोगों के लिए भावुक नोट लिखा है। प्रियंका गांधी ने यह पत्र एक्स पर शेयर किया है।
प्रियंका गांधी ने वायनाड के नाम चिट्ठी लिखते हुए कहा कि वायनाड का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है। मुझे सांसद बनाने के लिए मैं हमेशा आपकी आभारी रहूंगी। प्रियंका का यह संदेश वायनाड के हर घर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने अंग्रेजी और मलयालम भाषा में यह खत साझा किया है।
शनिवार को वायनाड के लोगों को लिखे खुले पत्र में कहा कि वह उनके साथ मिलकर काम करेंगी और उनके समक्ष मौजूद चुनौतियों का समाधान करने में मदद करेंगी। कांग्रेस नेता ने लोगों से समर्थन का आग्रह करते हुए कहा कि सांसद चुने जाने के बाद उनका काम वायनाड के लोगों के साथ संबंधों को और प्रगाढ़ बनाएगा और वह उनकी लड़ाई लड़ने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि वायनाड के लोग इस यात्रा में ‘‘मेरे मार्गदर्शक और शिक्षक’’ होंगे। प्रियंका गांधी का कहना था, ‘‘इस यात्रा में आप मेरे मार्गदर्शक और शिक्षक होंगे जो (मुझे आशा है) एक जन प्रतिनिधि के रूप में मेरी पहली यात्रा होगी लेकिन एक जन सेनानी के रूप में मेरी पहली यात्रा नहीं होगी।
लोकतंत्र, न्याय और हमारे संविधान में निहित मूल्यों के लिए लड़ना मेरे जीवन की बुनियाद रही है।’’ उन्होंने अपने पत्र में कहा, ‘‘मैं आपके समर्थन से हमारे सभी के भविष्य के लिए इस लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं और यदि आप मुझे अपना सांसद बनाना चुनते हैं तो मैं आपकी बहुत आभारी रहूंगी।’’
बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में वायनाड के साथ यूपी की रायबरेली से चुनाव लड़ा था। राहुल गांधी ने इन दोनों सीटों पर जीत हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने वायनाड सीट छोड़ने का फैसला किया। इस कारण से वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। वायनाड में 13 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवंबर को मतगणना होगी। कांग्रेस ने वायनाड से प्रियंका गांधी को अपना प्रत्याशी बनाया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








