डेस्क- बिहार पुलिस ने अमौर में देर रात कुख्यात अपराधी डकैत बाबर उर्फ आदिल उर्फ पापड़ का एनकाउंटर किया है. इस दौरान पुलिस ने 6 अन्य डकैतों को भी गिरफ्तार किया है. इस दौरान कुछ पुलिस कर्मी भी जख्मी हुए हैं. गिरफ्तार अपराधियों में नुर्शीद आलम, दिलदार, अकबाल हुसैन, सहिनूर उर्फ सैनुल, असलम और सायेन बाबू शामिल है.
एसपी कार्तिकेय के शर्मा ने प्रेस वार्ता कर बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी अमौर थाना के गड़हरा गांव में डकैती की योजना बना रहे हैं. इसके बाद एसटीएफ की टीम और पूर्णिया के अमौर, रोटा, अनगढ़ और बायसी के थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई.
उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो पर सवार होकर 7 अपराधी आ रहे थे. जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वे सभी अपराधी धान खेत की तरफ भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग करने लगे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस दौरान पुलिस के द्वारा चेतावनी भी दी गई. इसके बावजूद अपराधी लगातार फायरिंग करते रहे. अपराधियों ने करीब 20 से 25 राउंड फायरिंग किया था. पुलिस और एसटीएफ ने भी जवाब में 11 राउंड फायरिंग किया.
इस दौरान कुख्यात डकैत बाबर उर्फ आदिल उर्फ पापड़ को गोली लगी और वह इसी धान के खेत में ढेर हो गया. इस दौरान पुलिस ने 6 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है.
बाबर के पास से एक कार्बाईन, एक देशी पिस्तौल और कारतूस बरामद किया गया. जब सभी अपराधियों की जांच की गई तो उनके पास से कुल एक कार्बाईन, तीन देशी पिस्तौल, तीन देसी कट्टा, 37 जिंदा कारतूस, चार मैगजीन, एक चाकू और कई खोखा बरामद किया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि बाबर उर्फ आदिल पर पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जिले में 50-50 हजार यानी कुल डेढ़ लाख रुपए का इनाम था. इसके अलावा उनके ऊपर इन तीन जिलों में एक दर्जन से अधिक केस हैं. साथ ही पश्चिम बंगाल में भी उनके ऊपर कई केस हैं.








