दुमका- दुमका में एक ही घर की दो बहुओं की दुखद मौत हो गई. दोनों की सड़क हादसे में उस वक्त मौत हो गई जब वे दौड़ का अभ्यास कर रही थी. इस घटना में एक अन्य युवती भी गंभीर रूप से घायल हो गयी है. घायल युवती भी साथ में ही दौड़ का अभ्यास कर रही थी.
घटना हंसडीहा थाना क्षेत्र के महेशखंदा गांव के समीप हुई। घटना से आक्रोशित लोगों ने एनएच 114 ए दुमका – भागलपुर मार्ग को जाम कर दिया. दोनों शव अभी भी घटनास्थल पर ही हैं, जिसे उठने नहीं दिया जा रहा है. लगभग छह घंटे से सड़क जाम है, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई है.
जानकारी अनुसार, महेशखंदा गांव की एक ही घर की दो बहू प्रियंका कुमारी ( 21 वर्ष ) और सोनी कुमारी ( 22 वर्ष ) पिछले कई दिनों से दोनों दौड़ का अभ्यास कर रही थी. आज दोनों महिला घर के बगल की एक युवती पूजा कुमारी (18 वर्ष ) के साथ जब दुमका – भागलपुर मार्ग पर दौड़ रही थी, उसी वक्त एक अनियंत्रित हाइवा ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना में प्रियंका कुमारी और सोनी कुमारी की मौके पर मौत हो गई. जबकि साथ में गई घर की एक लड़की गंभीर रूप से घायल हुई, जिसे इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है. इधर धक्का मारने के बाद हाइवा अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गया और चालक वाहन छोड़ फरार हो गया.
वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि यह दोनों सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी तो इनके घर के दो सदस्य को मुआवजे के तौर पर सरकारी नौकरी दी जाए. साथ ही जिस हाइवा के चालक ने इसकी जान ली है उसे गिरफ्तार किया जाए. जाम को छुड़ाने के लिए जरमुंडी के एसडीपीओ संतोष कुमार सहित हंसडीहा और सरैयाहाट थाना के प्रभारी मौके पर मौजूद हैं लेकिन लोग अपनी मांग पर अड़े हैं.








