डेस्क- बिहार के बक्सर में एक शिक्षक की मौत हो गई है. शिक्षक क्लास में पढ़ा ही रहे थे तभी उनको हार्ट अटैक आया. इलाज के लिए उनको तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई. शिक्षक का नाम विश्वनाथ राय बताया जा रहा है.
मिली जानकारी अनुसार, मृतक शिक्षक के सीने और पेट में अचानक दर्द होने लगा और वह बेहोश हो गए. स्कूल के शिक्षकों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिमरी में भर्ती कराया. जहां डॉक्टरों द्वारा तत्काल आवश्यक इलाज शुरू किया गया, लेकिन डॉक्टरों के भरसक प्रयास के बावजूद शिक्षक को बचाया नहीं जा सका.
शिक्षक की मौत की सूचना मिलते ही प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और शिक्षा संघ के लोग भी वहां पहुंच गए. घटना के बाद स्कूल में छुट्टी कर दी गई. घटना की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेज दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
विश्वनाथ राय की मौत के बाद शिक्षकों और छात्रों में शोक का माहौल है. विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि मृत शिक्षक बहुत ही मिलनसार व्यक्ति थे. विश्वनाथ राय मध्य विद्यालय नगवां में कार्यरत थे. वे 2014 बैच के शिक्षक थे. उनकी उम्र करीब 35 वर्ष थी.
परिवार में पत्नी के अलावा आठ साल की बेटी और पांच साल का बेटा है. उनका परिवार गांव में ही रहता था, जबकि वे प्रतिदिन बाइक से स्कूल जाते थे. इस घटना के बाद उनकी पत्नी दीपिका शर्मा और बच्चे बदहवास हैं.








