पटना- पटना के मसौढ़ी में दिनदहाड़े गोलीबारी की गई है जिसमे एक शख्स को गोली लगी है. घायल को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुँचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर किया गया है.
बताया जाता है भगवानगंज थाना इलाके के गोखुला गांव के रहनेवाले नित्यानंद शर्मा उर्फ पहलवानजी मसौढ़ी की सब्जी मंडी में नगर परिषद् की ओर से लागू ठेकेदारी सिस्टम पर वसूली एजेंट का काम करते हैं.
रविवार को भी नित्यानंद शर्मा मसौढ़ी की सब्जी मंडी में वसूली के लिए गये हुए थे. इसी दौरान दोपहर के करीब ढाई बजे किसी युवक के साथ नित्यानंद शर्मा की बकझक हुई. इसके बाद युवक ने नित्यानंद शर्मा के पैर में गोली मार दी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गोली लगते ही नित्यानंद शर्मा नीचे गिर पड़ा और छटपटाने लगा. वहां मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे सब्जीवाले ठेले पर लादा और निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया. जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया.
इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने गोली मारने के आरोप में मुन्ना कुमार नाम के अपराधी को गिरफ्तार किया है. मुन्ना कुमार मणिचक के रहनेवाले वैद्यनाथ प्रसाद का पुत्र है. वहीं इस मामले में दूसरे आरोपी निगम कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.








